कश्मीर में तालिबान का नामोनिशान नहीं : सेनाध्यक्ष
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में तालिबान का नामोनिशान तक नहीं है और देश में आम चुनावों के मद्देनजर सीमा पार घुसपैठ पर काबू पाने के लिए सेना पूरी तरह चाक-चौबंद है। यह बात सेनाध्यक्ष जनरल दीपक कपूर ने मंगलवार को कही।
उन्होंने कहा, "तालिबान का कोई नामोनिशान नहीं है। वहां लश्कर-ए तैयबा और जैश-ए मोहम्मद जैसे तत्व मौजूद हैं।" जनरल कपूर एक अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान तालिबानियों के घाटी में घुसपैठ करने संबंधी खबरों के बारे में संवाददाताओं के प्रश्नों का जवाब दे रहे थे।
कपूर ने कहा, "हम पहले भी घुसपैठ होते देख चुके हैं और हम इसके लिए तैयार हैं। इसी लिए हमारे जवान नियंत्रण रेखा पर मुस्तैद हैं। हमने त्रि-चरणीय रक्षा प्रणाली लागू की है।"
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में दो ही दिन बचे हैं और ऐसे में कश्मीर घाटी में सीमा पार से घुसपैठ के प्रयासों में तेजी आई है।
कपूर ने कहा कि चुनाव के मद्देनजर हमें अंदेशा था कि सीमा पार से कुछ गतिविधियां हो सकती हैं। उन्होंने कहा, "हम हालात से निपट सकेंगे और लोकसभा चुनाव भी विधानसभा चुनावों (जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा)की ही तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होंगे।"
सेना प्रमुख ने कहा कि ऐसी रिपोर्ट्स मिली थीं कि महिलाओं को घुसपैठ के लिए तैयार कराया जा रहा है लेकिन इसकी अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications