थाई मुसलमान चाहते हैं कि दुबई थाकसिन को निकाल बाहर करे (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक दारुलमान मॉस्क्यू समुदाय के नेता मानित सींगथोंग ने समाचार पत्र नेशन से कहा है कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राजदूत के माध्यम से शेख मोहम्मद बिन राशिद अल-मकतूम से कहा जाएगा कि वह थाकसिन को अपने देश से बाहर निकाल दें, क्योंकि उन्होंने थाईलैंड पर हमले के लिए दुबई को एक मंच के रूप में इस्तेमाल किया।
सींगथोंग ने कहा, "इस बात का भी पूरा प्रयास किया जाएगा कि अन्य मुस्लिम देश भी थाकसिन को काली सूची में डाल दें।"
ज्ञात हो कि सैनिकों द्वारा एक महत्वपूर्ण चौराहे से खदेड़े जाने के बाद थाकसिन समर्थकों ने सोमवार को तमाम दुकानों, कारों को नष्ट कर दिया था और एक मस्जिद को नुकसान पहुंचाया था।
थाईलैंड में भारी विरोध प्रदर्शन को हवा देने वाले थाकसिन के दुबई में होने की पूरी संभावना है। वहां के व्यापारी समुदाय के साथ उनकी गहरी दोस्ती है।
हालांकि सैनिक कार्रवाई के बाद मंगलवार को थाईलैंड में सरकार विरोधी प्रदर्शन समाप्त हो गए।
इन प्रदर्शनों के कारण पिछले सप्ताह दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के समूह (आसियान) का सम्मेलन रद्द करना पड़ा था और बौद्ध नववर्ष के समारोहों में भारी बाधा आई थी।
सेना और नाराज नागरिकों की भीड़ से घिरे प्रदर्शनकारियों ने मध्य बैंकाक के विजय स्मारक को खाली कर दिया है। कई दिनों से दैनिक जनजीवन में अस्तव्यस्तता के कारण स्थानीय नागरिक प्रदर्शनकारियों से नाराज थे।
रेड शर्ट प्रदर्शनकारियों के एक नेता वीरा मुसिकापोंग ने एक बयान में कहा,"हमें प्रत्येक निर्दोष नागरिक के जीवन को बचाने की चिंता है, जो और कुछ नहीं केवल देश में लोकतंत्र चाहता है।"
उल्लेखनीय है कि सोमवार को सड़कों से रेड शर्ट के प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए सेना की कार्रवाई में 23 सैनिकों सहित 100 से अधिक लोग घायल हुए। सोमवार को प्रदर्शनकारियों और स्थानीय लोगों के बीच संघर्ष में दो लोगों की मौत हो गई थी।
प्रदर्शनकारी नेताओं को भय था कि सेना के पीछे दक्षिणपंथी तत्व उनसे राजनीतिक बदला निकालने का प्रयास कर सकते हैं। रेड शर्ट के एक रणनीतिकार जैकरपोब पेनकाइर ने कहा कि गुंडे और अपराधी चारों ओर से मौजूद हैं और छह अक्टूबर 1976 में छात्र प्रदर्शनों पर हुए दक्षिणपंथी तत्वों के हमले की घटना की पुनरावृत्ति हो सकती थी।
पूर्व प्रधानमंत्री थाकसिन शिनावात्रा के समर्थक रेड शर्ट प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ दक्षिणपंथी तत्वों ने प्रदर्शनकारियों पर हमले भी किए। पिछले वर्ष शिनावात्रा समर्थक सरकार गिराने में सहायता करने वाले शिनावात्रा विरोधी पीले शर्ट वालों ने भी प्रदर्शनकारियों पर हमले की धमकी दी थी।
बैंकाक के स्थानीय निवासी भी प्रदर्शनकारियों से नाराज थे, जिनमें अधिकांश बाहर से आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications