पाकिस्तान को पर्याप्त सबूत दिए जा चुके हैं : भारत (लीड-1)
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह के मौके पर संवाददाताओं से कहा, "हमने कार्रवाई करने के लिए पाकिस्तान को पर्याप्त जानकारी मुहैया करा दी है। अब यह उनकी जिम्मेदारी है कि इस मामले में कार्रवाई करें।"
इस मौके पर गृह मंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि यदि पाकिस्तान भारत द्वारा बताए गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पाता है तो वह भारत को कार्रवाई करने की इजाजत दे।
चिदंबरम ने कहा, "ऐसी सरकार का क्या मतलब जो लगातार यह कहती जाए कि पर्याप्त सबूत ही नहीं दिए गए। हमारे दिए गए सबूतों के अलावा बाकी बचे सबूत पाकिस्तान में हैं ही।"
गृहमंत्री ने कहा, "यदि पाकिस्तान आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर पाने की स्थिति में नहीं है तो वह एफबीआई को ऐसा करने की इजाजत क्यों नहीं देता। वह हमें कार्रवाई की इजाजत क्यों नहीं देता।"
ज्ञात हो कि पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने सोमवार को कहा था कि भारत ने मुंबई हमले के बारे में पर्याप्त जानकारी मुहैया नहीं कराई है। मलिक ने कहा था कि भारत ने दस में से दो हमलावरों के लिए एक जैसा डीएनए नमूना भेज दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications