कांग्रेस विधायक की हत्या से मप्र में राजनीति गरमाई (राउंडअप)
भिंड जिले के गोहद विधानसभा क्षेत्र के विधायक माखनलाल जाटव की सोमवार की रात को छरेटा गांव में अज्ञात लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। मंगलवार की सुबह जाटव का शव पोस्टमार्टम किए जाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
गोहद पुलिस ने जाटव के सुरक्षाकर्मी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। अंतिम संस्कार बुधवार को होगा। विधायक की हत्या के विरोध और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को भिंड तथा दतिया बंद का आह्वान किया गया है।
बंद के चलते जहां भिंड और दतिया के बाजारों में सन्नाटा पसरा है और कामकाज पूरी तरह ठप है, वहीं भारी पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। जाटव के विधानसभा क्षेत्र गोहद में भारी तनाव है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है जो हालात पर नजर रखे हुए है।
कांग्रेस विधायक राकेश सिंह चौधरी और डॉ़ गोविन्द सिंह की मांग है कि जाटव के बेटे अरविंद की तहरीर के आधार पर भाजपा नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जाटव की हत्या में भाजपा के पूर्व विधायक लालसिंह आर्य का हाथ है, इसलिए आर्य के खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
दूसरी ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जाटव की हत्या पर दुख जताते हुए कहा है कि विधायक की हत्या पर किसी तरह की राजनीति नहीं होना चाहिए। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
मध्यप्रदेश के लिए कांग्रेस के केंद्रीय पर्यवेक्षक हरिकेश बहादुर ने विधायक की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आशंका जताई है कि सुरक्षा के नाम पर प्रदेश सरकार अब कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के प्रदेश दौरे को प्रभावित करना चाह रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications