मेरी प्रधानमंत्री बनने की लालसा नहीं : जयललिता
एक निजी टेलीविजन चैनल से साक्षात्कार में जयललिता ने कहा, "प्रधानमंत्री बनने की मेरी कोई लालसा नहीं है। मैं चाहती हूं कि हमारा देश समृद्ध हो और विश्व के मजबूत देशों की श्रेणी में खड़ा हो।"
चुनाव बाद गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "एक कुशल राजनीतिक कभी भी किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर सकता है। हालांकि चुनाव बाद की परिस्थिति के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी लेकिन फिलहाल हम गैरकांग्रेस और गैरभाजपा सरकार बनाने पर काम कर रहे हैं।"
जयललिता ने कहा, "चुनाव परिणाम आने के बाद सहयोगी दलों पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) और मरूमलारची द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एमडीएमके) व समान विचारधारा वाले अन्य दलों से चर्चा के आधार पर ही अन्य विकल्पों के बारे में रणनीति तय की जाएगी।"
एमडीएमके नेता वाइको के कथित राष्ट्र विरोधी बयान के बारे में उन्होंने कहा, "वाइको ने ऐसा कुछ नहीं कहा है जिससे देश की एकता व अखंडता को खतरा पैदा होता है।"
श्रीलंका में जारी संघर्ष के बारे में उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई तमिलों की जान व माल की रक्षा में केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील (संप्रग) सरकार व राज्य की द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह विफल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications