कंधार मामला: आडवाणी पर सोनिया का वार

यहां से करीब 100 किलोमीटर बिलासपुर में एक रैली में सोनिया ने कहा, "मैं आडवाणी से पूछना चाहती हूं कि यदि उनकी सरकार ने उनको बगैर सूचित किए आतंकवादियों को छोड़ने का निर्णय लिया तो उन्होंने क्यों नहीं पद छोड़ दिया।"
सोनिया ने कहा उन्हें जानकारी नहीं थी
सोनिया गांधी आडवाणी के उस बयान पर टिप्पणी कर रही थी जिसमें उन्होंने कहा था कि कंधार विमान अपहरण कांड प्रकरण में तत्कालीन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी। आडवाणी उस समय गृह मंत्री थे। सोनिया ने कहा, "वह जो कह रहे हैं क्या वह सही है या फिर कुछ और बात है। आपको इस मुद्दे पर सोचना है और अपना मत देना है।"
उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस ही प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में एक स्थायी, मजबूत और ईमानदार सरकार दे सकती है। बिलासपुर से राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अजित जोगी की पत्नी रेणु जोगी कांग्रेस की ओर से उम्मीदवार हैं। कांकेर संसदीय क्षेत्र में एक सभा को संबोधित करने के बाद सोनिया बिलासपुर पहुंची। कांकेर में उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार पर विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications