बहाने नहीं, ठोस कार्रवाई चाहता है भारत : आनंद शर्मा
नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के संबंध में पाकिस्तान की ओर से और सबूत मांगे जाने के एक दिन बाद मंगलवार को भारत ने कहा कि पड़ोसी देश मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है जो इस नरसंहार के दोषियों को सजा दिलाने के प्रति उसकी ईमानदारी पर सवाल उठाता है।
विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने संवाददाताओं से कहा,"हमने पाकिस्तान को उन सूत्रधारों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पर्याप्त सबूत उपलब्ध कराएं हैं, जिनकी पहचान हो चुकी है। कार्रवाई में विलंब करके और तकनीकी मसले उठाकर पाकिस्तान ठोस कदम उठाने की अपनी विश्वसनीयता को खुद की कम कर रहा है।"
पिछले नवंबर में हुए मुंबई हमले के संबंध में जांच आगे बढ़ाने के लिए और सूचनाओं की आवश्यकता के पाकिस्तान के तर्क के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा कि कार्रवाई में विलंब और घटिया तकनीकी मुद्दे उठाने से पाकिस्तान की ईमानदारी और इरादे पर सवाल पैदा हो गया है।
उन्होंने कहा कि भारत पाकिस्तान की ओर से ठोस कदमों का इंतजार कर रहा है न कि उसके बहानों का।
शर्मा ने समझौता एक्सप्रेस बम विस्फोट मामले में कर्नल पुरोहित के संबंध में 26/11 के हमले में मारे गए महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे के बयान की पाकिस्तान की मांग को मुद्दे से भटकाने का प्रयास बताते हुए कहा कि इसका आपस में कोई संबंध नहीं है और मुंबई मामले से इसका कुछ लेना देना भी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान विदेश मंत्रालय के निदेशक (दक्षिण एशिया) अफ्रासियाब ने सोमवार को भारत के कार्यवाहक उच्चायुक्त मनप्रीत वोहरा को मंत्रालय में बुलाकर मुंबई हमलों के संबंध में और अधिक स्पष्टीकरण तथा साक्ष्यों की मांग के लिए एक दस्तावेज सौंपा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications