सरकार बनी तो आतंकवाद से मुक्त होगी देश की धरती : राजनाथ सिंह
बिहार के गया जिले के वजीरगंज में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल में देश में आतंकवादी हमले होते रहे हैं परंतु सरकार ने इन्हें रोकने के लिए कड़े कदम नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र में राजग की सरकार बनती है तो आतंकवाद के खिलाफ कठोर कदम उठाये जाएंगे तथा देश को आतंकवाद से छुटकारा दिलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान से भी आग्रह किया जाएगा कि वह अपने देश में चलने वाले आतंकवादी शिविरों को बंद करे। अगर पाकिस्तान ऐसा नहीं करेगा तो उन शिविरों पर हमला कर उन्हें नेस्तनाबूद कर दिया जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब-जब वह सत्ता में आयी महंगाई बढ़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण पिछले छह माह में एक करोड़ लोगों को रोजगार गंवाने पड़े।
बिहार सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार और वर्तमान सरकार के काम में लोगों को खुद अंतर नजर आ रहा होगा। उन्होंने कहा कि आज बिहार में विकास की गति तेज हुई है और विधि व्यवस्था में भी सुधार आया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications