मां की लोकप्रियता से मिलेगी सहायता : संदीप दीक्षित
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। राजधानी के पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के उम्मीदवार संदीप दीक्षित का कहना है कि दिल्ली में उनकी मां और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की लोकप्रियता से चुनाव में उन्हें सहायता मिलेगी।
आईएएनएस को दिए विशेष साक्षात्कार में संदीप ने कहा, "निश्चित रूप से मां की लोकप्रियता से मुझे और पार्टी के अन्य उम्मीदवारों को फायदा मिलेगा। आखिर वह कांग्रेस की नेता हैं और हम पार्टी के उम्मीदवार हैं।"
संदीप से जब यह पूछा गया कि मुख्यमंत्री के बेटे के रूप में क्या वह दबाव महसूस करते हैं तो उन्होंने कहा, "कभी-कभी दबाव महसूस करता हूं। दरअसल लोग यह समझते हैं कि आप कोई काम जल्दी कराने में सक्षम हैं।"
संदीप ने कहा, "वैसे मेरा सोचना है कि ऐसे दबाव के फायदे भी होते हैं। दरअसल जनता आपको इस कारण वोट देती है क्योंकि आप मुख्यमंत्री के बेटे हैं। हमें इसका लाभ मिलता है। मैं कभी भी इसे दबाव या अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं मानता हूं।"
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2004 के आम चुनाव में संदीप ने पूर्वी दिल्ली की सीट से लोकसभा में पहुंचे थे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को लगभग 229,000 मतों के अंतर से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications