अफगानिस्तान में 40 आतंकवादी मारे गए (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अफगानिस्तान के अशांत दक्षिणी जाबुल प्रांत के पुलिस प्रमुख ने रविवार को दावा किया कि गठबंधन सेना के सहयोग से अफगानी सुरक्षा बल के जवानों ने एक मुठभेड़ में 22 संदिग्ध आतंकवादियों को मार गिराया।
प्रांतीय प्रमुख अब्दुल रहमान सरजंग ने बताया कि शिंकय जिले में शनिवार रात चार घंटे तक चले संघर्ष में अफगान और अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने 22 आतंकवादियों को ढेर कर दिया।
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के शव अभी भी मैदान में पड़े हुए हैं। इनमें से चार आतंकवादियों की पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई है।
उधर, तालिबान प्रवक्ता कारी मोहम्मद यूसुफ अहमदी ने दावा किया कि उसके सिर्फ तीन लड़ाके मारे गए, जबकि उसके लड़ाकों ने 48 सैनिक को मार गिराया।
इस बीच नाटो के नेतृत्व वाली सेना ने पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार को हवाई हमले कर 18 संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया।
नाटो की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि गठबंधन सेना ने घटनास्थल से 10 एके-47 राइफलें, रॉकेट लांचर, पांच रेडियो और दो हथगोले बरामद किए हैं।
एक अन्य घटना में शांत रहने वाले सामांगन प्रांत में रविवार को एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा दिया।
प्रांत के पुलिस प्रमुख शरीफुद्दीन सराफ ने कहा, "आत्मघाती हमलावर लगभग 16 साल की उम्र का था। उसने अपने आप को उड़ा दिया। इस हमले में एक महिला घायल हो गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications