अगले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ही बनेंगे: प्रियंका (लीड-2)
अमेठी में राहुल के लिए चुनाव प्रचार कर रही प्रियंका ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उनके भाई राहुल मेहनती व कुशल नेतृत्व क्षमता के धनी हैं और उनमें देश का प्रधानमंत्री बनने की सारी खूबियां मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल एक दिन अवश्य भारत के प्रधानमंत्री बनेंगे।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मनमोहन सिंह ही अगली सरकार में प्रधानमंत्री होंगे। उन्होंने अपने कार्यकाल में साबित कर दिया है कि वह बहुत काबिल प्रधानमंत्री हैं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा मनमोहन सिंह को कमजोर प्रधानमंत्री कहे जाने के सवाल पर प्रियंका ने कहा कि वह अडिग हैं। सारे देश ने उनकी कार्यप्रणाली को देखा है, जिसमें वह कभी कमजोर नजर नहीं आए। देश की जनता को सब पता है।
चुनाव प्रचार के दौरान प्रियंका ने जनता से कहा कि जो राजनीतिक दल आपका और आपके क्षेत्र का विकास सुनिश्चति करेगा, आप लोग उसे ही अपना बेशकीमती वोट दें। अमेठीवासियों को सुझाव देते हुए उन्होंने कहा, "आप लोग धर्म और जाति के नाम पर वोट मांगने वालों को कतई वोट न दें, जो देश का विकास करे, जो देश के विकास की बात करे उसे ही अपना वोट दें।"
प्रियंका ने कहा, "राहुल ने अमेठी में विकास की कई परियोजनाएं शुरू की है। यहां शिक्षा और स्वास्थ्य पर खासा ध्यान दिया गया है। राहुल और कांग्रेस की जीत में ही देश का विकास संभव होगा। राहुल के हाथों को मजबूत कर आप देश के भविष्य को मजबूत करें।"
सपा द्वारा शनिवार को जारी पार्टी के घोषणा पत्र बड़ा ही अजीबोगरीब करार देते हुए प्रियंका ने कहा कि सपा का घोषणा पत्र बीसवीं सदी का लगता है।
सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, "उनकी (सपा के नेताओं) सोच बहुत तंग है, वे लोग अगर सोचते हैं कि कंप्यूटर की पढ़ाई बंद कर देने से देश की उन्नति हो जाएगी, तो उन्हें इस पर दोबारा सोचना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि शनिवार को सपा का घोषणा पत्र जारी करते हुए पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि उनकी सरकार बनने पर वह अंग्रेजी की पढ़ाई और कंप्यूटर के इस्तेमाल पर रोक लगाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications