ओबामा के सौतेले भाई को ब्रिटेन में प्रवेश करने से रोका गया था
आव्रजन अधिकारियों ने सैमसन ओबामा के जनवरी में पूर्वी मिडलैंड हवाई अड्डे से ब्रिटेन में प्रवेश करने के प्रयास को रोक दिया था। सैमसन अपने भाई बराक ओबाम के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए केन्या से अमेरिका जा रहे थे।
समाचार पत्र 'द न्यूज ऑफ द वर्ल्ड' के अनुसार आव्रजन अधिकारी ने बायोमेट्रिक परीक्षण से यह पता लगा लिया कि सैमसन पिछले नवंबर में ब्रिटिश यात्रा के दौरान गंभीर अपराध से संबंधित है।
इस समय नैरोबी के बाहरी इलाके में मोबाइल फोन की एक दुकान चलाने वाले सैमसन को बर्कशायर काउंटी पुलिस ने किशोरियों के एक समूह पर कथित यौन हमले के आरोप में गिरफ्तार किया था।
उन पर कोई मुकदमा तो नहीं चलाया गया लेकिन ब्रिटिश गृह मंत्रालय के बायोमेट्रिक भंडार में उनका विस्तृत ब्योरा सुरक्षित रख लिया गया।
ओबामा के 11 सौतेले भाई-बहनों में से एक सैमसन ओबामा के बारे में व्हाइट हाउस को बताया गया था। बराक ओबामा के पिता को ये सभी बच्चे चार महिलाओं से हैं।
सैमसन की मां 67 वर्षीय केजिया दक्षिणी इंग्लैंड के बर्कशायर के बर्कलेन कस्बे में रहती हैं।
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने अखबार को बताया कि बायोमेट्रिक डाटाबेस पर इस सूचना के आने के बाद यह अति संवेदनशील मामला बन गया। परंतु इस व्यवस्था को इसलिए बनाया गया है ताकि ब्रिटेन में पुलिस की निगाह में आए लोगों का पता लगाकर उन्हें वापस भेजने का प्रयास किया जाए।
बहरहाल सैमसन को वीजा देने से इंकार कर दिया गया और अमेरिका की उड़ान में सवार करा दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications