मुखर्जी ने नयाचार केमिकल हब का समर्थन किया
कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा पूर्वी मिदनापुर जिले में इस परियोजना को दी गई मंजूरी के बारे में पूछे जाने पर मुखर्जी ने कहा, "जी हां, हमने इस परियोजना के लिए हरी झंडी दी है। उस निर्णय में मैं भी भागीदार रहा हूं। आर्थिक मामलों की जिस कैबिनेट कमेटी ने प्रस्ताव को मंजूरी दी है, मैं उस कमेटी का सदस्य हूं।"
कांग्रेस की पश्चिम बंगाल राज्य इकाई के प्रमुख मुखर्जी ने बांग्ला समाचार चैनल स्टार आनंद पर एक कार्यक्रम में कहा, "मैं समझता हूं कि इस परियोजना की जरूरत है।"
मुखर्जी से जब यह कहा गया कि कांग्रेस की सहयोगी पार्टी त्रिणमूल कांग्रेस केमिकल हब के खिलाफ है, तो उन्होंने कहा, "यह तृणमूल कांग्रेस का अपना विचार है। लेकिन इस मुद्दे पर निर्णय लिया जा चुका है।"
ज्ञात हो कि यह केमिकल हब पहले उसी जिले के नंदीग्राम में प्रस्तावित था। लेकिन इस मुद्दे को लेकर हुए भारी रक्तपात के बाद राज्य की वामपंथी सरकार ने इस परियोजना को हल्दिया के पास नयाचार द्वीप पर स्थानांतरित कर दिया। केंद्र सरकार ने उसे अपनी मंजूरी भी दे दी।
इस परियोजना का विरोध करने वाली तृणमूल कांग्रेस का अब लोकसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के साथ सीटों का समझौता हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications