नक्सली हमले में नौ जवान मारे गए

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा ज़िले में माओवादी विद्रोहियों ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की एक गाड़ी पर अचानक हमला कर दिया जिसमें नौ जवान मारे गए. जवाबी कार्रवाई में तीन माओवादियों के भी मारे जाने की ख़बर है.
हमले में सीआरपीएफ़ के डिप्टी कमांडेंट दिवाकर तिवारी समेत सीआरपीएफ़ की 55वीं बटालियन के आठ अन्य जवान मारे गए. मुठभेड़ में एक सहायक कमांडेंट समेत 11 सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए राजधानी रायपुर लाया गया है.
राज्य के पुलिस उपमहानिरीक्षक (नक्सली विरोधी अभियान) पवन देव ने बताया कि माओवादियों ने शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे हमला किया जब जवान रुटीन गश्त लगाकर अपने कैंप की ओर लौट रहे थे. मुठभेड़ स्थल से एक स्वचालित राइफ़ल, वायरलेस सेट और तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं.
लोकसभा चुनावों से ठीक पहले हुए इस हमले को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को रवाना किया गया है और वे हमलावरों को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं.
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक राहुल शर्मा के मुताबिक नक्सल प्रभावित इलाक़ों में पोस्टरों के ज़रिए नक्सलियों ने लोगों से मतदान का बहिष्कार करने को कहा है.


Click it and Unblock the Notifications