'आतंकी साज़िशों की जड़ पाकिस्तान में'

ब्रितानी प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन ने कहा है कि ब्रिटेन में होने वाली दो तिहाई आतंकवादी साज़िशों के तार पाकिस्तान से जुड़े होते हैं. ब्राउन ने अल-जज़ीरा टेलीविज़न से इंटरव्यू में ये बात कही है.
उनका बयान ब्रिटेन में मारे गए छापों में कई पाकिस्तानी नागरिकों की गिरफ़्तारी के दो दिनों के बाद आया है. ब्राउन ने कहा कि ब्रिटेन में सक्रिय चरमपंथी पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं से निर्देश लेते हैं.
ब्रितानी प्रधानमंत्री इससे पहले ही पाकिस्तान से माँग कर चुके हैं कि वो अपने यहाँ उन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ठोस उपाय करे जो कि ब्रिटेन में चरमपंथी हमले की बुनियाद साबित हो सकते हैं.
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने उत्तर-पश्चिमी इंग्लैंड के शहरों में मारे गए छापों में जिन 12 संदिग्ध चरमपंथियों की गिरफ़्तारी का दावा किया है, उनमें से एक को छोड़ कर बाक़ी पाकिस्तान के हैं.
पाकिस्तानी नागरिक
प्रधानमंत्री कार्यालय 10 डाउनिंग स्ट्रीट के एक प्रवक्ता ने इस बात की पुष्टि की है कि पाकिस्तानी नागरिकों की ब्रिटेन में इतनी बड़ी संख्या में हुई गिरफ़्तारी के बाद बुधवार की शाम ब्राउन ने पाकिस्तानी राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी से बातचीत की है.
पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिकों में से अधिकांश पढ़ाई करने के नाम पर ब्रिटेन आए थे. अभी उन पर कोई औपचारिक आरोप नहीं लगाए गए हैं, लेकिन पुलिस लगातार सबूत जुटाने के काम में लगी हुई है.
बीबीसी को मिली जानकारी के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों से मैनचेस्टर के बड़े-बड़े शॉपिंग मॉल और एक लोकप्रिय नाइट क्लब की तस्वीरें मिली हैं.
पुलिस अभी तक यही कह रही थी कि उन्हें संदिग्ध चरमपंथियों के निशाने पर होने वाले ठिकानों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है.


Click it and Unblock the Notifications