चुनाव मैदान में उतरेंगे सज्जाद लोन
श्रीनगर, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में अलगाववादी नेता सज्जाद लोन अब देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होने की तैयारी में हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
सज्जाद ऐसे पहले कश्मीरी अलगावादी नेता होंगे जो देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बनने जा रहे हैं। उन्होंने अभी अपने फैसले का औपचारिक ऐलान नहीं किया है।
पीपुल्स कांफ्रेंस के दिवंगत नेता अब्दुल गनी लोन के छोटे बेटे सज्जाद राज्य की बारामुला लोकसभा सीट से किस्मत आजमाएंगे।
अब्दुल गनी लोन के विश्वस्त रहे और राज्य के पूर्व मंत्री गुलाम मोहिउद्दीन सोफी सज्जाद के समर्थन में सामने आए हैं।
राज्य के एक राजनीतिक विश्लेषक का कहना है, "सज्जाद की खासकर कुपवाड़ा जिले में अच्छी ख्याति है और उन्हें लोगों का समर्थन प्राप्त है।"
सज्जाद ने अपने इस फैसला का औपचारिक ऐलान भले न किया हो लेकिन राज्य के प्रमुख राजनीतिक दलों नेशनल कांफ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने उनको गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। पीडीपी ने बारामूला से पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री मुहम्मद दिलावर मीर को चुनावी मैदान में उतारने का फैसला किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications