ताजमहल के निकट चंदन के पेडों की कटाई की जांच के आदेश
एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को ताज गंज के लोगों ने दो मालियों को कथित तौर पर चंदन के पेड़ काटते समय पकड़ लिया। बाद में इन दोनों को राज्य बागबानी विभाग ने निलंबित कर दिया।
जिला अधिकारी आशीष गोयल ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। बागबानी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि चंदन के सिर्फ दो पेड़ काटे गए जबकि स्थानीय लोगों ने काटे गए पेड़ों की संख्या दर्जनों में बताई।
ताज गंज के निवासी मुन्नाव अली ने बताया, "कई पेड़ काटे गए हैं जबकि कई अन्य पेड़ों के तनों पर काटने निशान साफ तौर पर देखे जा सकते हैं। अगर तेज हवाएं चलेंगी तो ये पेड़ गिर जाएंगे।"
एक अधिकारी ने बताया कि कुछ साल पहले वहां बहुत से चंदन के पेड़ थे लेकिन मालियों ने कथित तौर पर चंदन तस्करों के साथ मिलीभगत कर पेड़ काट डाले।
एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी ने बताया, कि कानपुर और नोएडा के पान मसाला उद्योग के लिए आगरा चंदन तस्करी का मुख्य केंद्र रहा है। सन 1990 के दशक में पुलिस ने आगरा और मथुरा में वीरप्पन के एजेंट के रूप में काम करने वाले कई गिरोहों का भंडाफोड़ किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications