मोदी को देश के सभी बुजुर्गो से माफी मांगनी चाहिए : कांग्रेस
कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने संवाददाताओं से कहा कि मोदी को महिलाओं, वास्तव में सभी बुजुर्ग महिलाओं और पुरुषों से माफी मांगनी चाहिए। यदि मोदी या उनकी भारतीय जनता पार्टी ने माफी नहीं मांगी तो मतदाता उनको जल्दी ही गुमनामी के अंधेरे में फेंक देंगे।
उल्लेखनीय है कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान के दौरान एक सभा में कांग्रेस को '125 वर्ष की बुढ़िया' की संज्ञा देते हुए इसे देश पर बोझ बताया था।
मोदी के बयान की निंदा करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार स्वयं एक 80 वर्ष के बुजुर्ग हैं। उन्होंने जानना चाहा कि क्या मोदी आडवाणी को भी एक बोझ मानते हैं।
उन्होंने कहा कि मोदी की टिप्पणी केवल न उनकी सोच को दर्शाती है वरन पार्टी के प्रमुख चेहरे के प्रति भाजपा की सोच को भी प्रदर्शित करती है।
उन्होंने एक सर्वेक्षण का उल्लेख करते हुए कहा कि अहमदाबाद की 58 प्रतिशत महिलाएं असुरक्षित महसूस करती हैं। यही नरेंद्र मोदी के शासन में गुजरात की स्थिति है।
उन्होंने कहा कि न केवल गुजरात वरन भाजपा शासित सभी राज्यों की यही हालत है। नटराजन ने इस संबध में कर्नाटक का हवाला दिया।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के पास बोलने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है और वह विचारधारात्मक रूप से भ्रष्ट हो चुकी है। दूसरी ओर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश पर निर्णायक प्रभाव छोड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications