तीसरे मोर्चे ने मनमोहन के बयान को उनकी हताशा का परिचायक बताया
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राष्ट्रीय सचिव शमीम फैजी ने कहा, "कांग्रेस और भाजपा, दोनों फिलहाल हताशा में हैं। वामपंथी पार्टियों और तीसरे मोर्चे के खिलाफ उनकी टिप्पणी उनकी हताशा को व्यक्त करती है। दोनों पार्टियों ने हम पर हमले करना शुरू कर दिए हैं।"
ज्ञात हो कि मनमोहन सिंह ने शुक्रवार को यहां महिला पत्रकारों के साथ आयोजित एक बातचीत में कहा था कि वामपंथी पार्टियां और उनके तीसरे मोर्चे के सहयोगी चाहे-अनचाहे भाजपा को मदद पहुंचा रहे हैं।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेता एम.के.पंधे ने भी कहा है कि कांग्रेस ने संसद के अंदर और बाहर खास तौर से उदारीकरण की नीतियों पर भाजपा के साथ हाथ मिला लिया है।
पंधे ने आईएएनएस से कहा, "हमने भाजपा को कभी भी मदद नहीं पहुंचाई। भाजपा पश्चिम बंगाल, केरल और त्रिपुरा जैसे वाम शासित राज्यों में एक सीट भी नहीं जीत सकती, क्योंकि वामपंथी पार्टियों ने वहां उसको पैर जमाने का मौका ही नहीं दिया है। वास्तव में मनमोहन सिंह और उनकी कांग्रेस पार्टी ही भाजपा को मदद पहुंचा रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications