नेपाल में राष्ट्रपति के पुत्र उपचुनाव में पराजित
काठमांडू, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। नेपाल में शुक्रवार को हुए उप चुनावों के नतीजे आने शुरू होने के बाद प्रमुख विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस को झटका लगा है, जबकि सात माह पुरानी माओवादी सरकार की चौतरफा आलोचना के बावजूद सत्तारूढ़ माओवादी पार्टी को सफलता मिली है।
धनुषा जिले से नेपाली कांग्रेस के उम्मीदवार राष्ट्रपति रामबरन यादव के चिकित्सक पुत्र चंद्रमोहन यादव तीसरे स्थान पर पहुंच गए। यहां तराई मधेशी लोकतांत्रिक पार्टी को जीत हासिल हुई है।
छह संसदीय सीटों के लिए हुए उपचुनाव में से तीन के परिणाम शनिवार दोपहर बाद घोषित कर दिए गए हैं जबकि एक दुर्गम क्षेत्र की मतगणना अभी आरंभ होनी बाकी है।
नेपाल के सबसे बड़े विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस को कंचनपुर में भी भारी झटका लगा है। पूर्व प्रधानमंत्री शेरबहादुर देउबा के दो संसदीय स्थानों पर विजयी होने से खाली हुई सीट से 10 वर्ष तक माओवादी जनयुद्ध में कमल छेत्री के नाम से प्रसिद्ध माओवादी पार्टी के हरीश थाकुला विजयी हुए हैं। गरीब किसान परिवार से आए हरीश ने कई वर्ष मुंबई में अखबार बेचकर गुजारे।
बहरहाल पूर्वी नेपाल के मोरंग जिले से नेपाली कांग्रेस के शेखर कोइराला की विजय पार्टी के लिए राहत की बात है। शेखर पूर्व प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला के भतीजे हैं। पिछले वर्ष हुए आम चुनाव में इसी निर्वाचन क्षेत्र से उन्हें मधेशी जनाधिकार फोरम के उम्मीदवार के हाथों पराजित होना पड़ा था। इस बार वह 692 वोटों के मामूली अंतर से विजयी होने में सफल रहे।
प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' के इस्तीफे से रिक्त हुई सीट रोल्पा पर मतगणना देर से आरंभ होगी। कानून मंत्री देव गुरुं ग के इस्तीफे से खाली कासी क्षेत्र में भी माओवादी आगे हैं। वहां विवाद भड़कने के बाद मतगणना रोक दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications