4 फीसदी तक बढ़े प्रमुख सूचकांक (साप्ताहिक समीक्षा)
इस सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को क्रमश: रामनवमी और गुड फ्राइडे का राष्ट्रीय अवकाश होने के कारण बाजार बंद रहे।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स गुरुवार को बीते सप्ताह के मुकाबले 455.03 अंक यानी 4.4 फीसदी की तेजी के साथ 10,803.86 पर बंद हुआ। पिछले सप्ताह यह 10,348.83 के स्तर पर बंद हुआ था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी सप्ताह के दौरान 4.1 फीसदी की तेजी के साथ 3,342.05 पर बंद हुआ।
सप्ताह के दौरान सेंसेक्स ने 10,929 के उच्चतम और 10,173 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया। निफ्टी ने 3,401 के ऊपरी और 3,149 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
एसएमसी कैपिटल्स के शेयर प्रमुख जगन्नाधम थुनुगुंतला ने कहा, "यह सप्ताह उत्साहवर्धक था और अब बाजार सुरक्षित क्षेत्र (8,000-10,000) में कारोबार कर रहा है। इस स्तर पर खरीदारी में शार्ट टर्म का खतरा नहीं है लेकिन लंबी अवधि में लाभ देने वाली कुछ ही कंपनियां हैं।"
सोमवार को सेंसेक्स में 186.04 अंक यानी 1.8 फीसदी की तेजी आई और यह 10,534.87 पर रहा। मंगलवार को बाजार रामनवमी के अवसर पर बंद रहे।
बुधवार को सेंसेक्स 207.47 अंक यानी 1.97 फीसदी उछल कर 10,534.87 पर जबकि निफ्टी 2.65 फीसदी की बढ़त के साथ 3,342.95 पर रहा।
गुरुवार को सेंसेक्स 61.52 अंक यानी 0.57 फीसदी की तेजी के साथ 10,803.86 पर जबकि निफ्टी 0.03 फीसदी की हल्की गिरावट के साथ 3,342.05 पर बंद हुआ।
सप्ताह के कारोबार में टाटा स्टील, एल एंड टी, रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्च र, रिलायंस कैपिटल और टाटा मोटर्स के शेयरों में सबसे अधिक तेजी आई जबकि एसीसी, भेल, भारतीय स्टेट बैंक और ग्रासिम कंपनियों के शेयरों को नुकसान उठाना पड़ा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications