बाबरी विध्वंस रोकने के लिए आडवाणी ने कुछ नहीं किया : प्रधानमंत्री (लीड-1)
स्थानीय ताज पैलेस होटल में इंडियन वूमन कोर्प्स की पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री ने कहा, "आडवाणीजी का रिकार्ड क्या रहा है। जब बाबरी मस्जिद गिराई गई थी तब वे वहां मौजूद थे। वे यदि मजबूत नेता होने का दावा करते हैं तो अपने दावे के मुताबिक उन्हें बाबरी मस्जिद विध्वंस को रोकना चाहिए था।"
आडवाणी को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि वे आडवाणी के साथ टेलीविजन पर बहस इसलिए नहीं करना चाहते क्योंकि वे उन्हें वैकल्पिक प्रधानमंत्री बनने का मौका नहीं देना चाहते।
उन्होंने कहा, "सार्वजनिक मंच पर बोलने में मैं आडवाणी का मुकाबला नहीं कर सकता। मैं अच्छा वक्ता नहीं हूं लेकिन मैं निर्णय लेता हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं बदजुबानी नहीं करता। यह विरासत मुझे अपने माता-पिता और शिक्षकों से मिली है और यही भारतीयता की पहचान भी है।"
प्रधानमंत्री ने कहा, "कड़े शब्दों के इस्तेमाल से किसी समस्या का हल नहीं निकलता है बल्कि विवाद ही पैदा होता है।"
उन्होंने कहा, "कौन कमजोर है और कौन मजबूत है, जोर-जोर से बातें करने से यह साबित नहीं होगा।"
आडवाणी को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा, "आडवाणीजी का रिकार्ड क्या रहा है। भाजपा ने संसद नहीं चलने दी। संसद में बहस के दौरान वे भागते रहें और अब आडवाणी मुझसे बहस करना चाहते हैं। मैं उन्हें वैकल्पिक प्रधानमंत्री बनने का मौका नहीं देना चाहता।"
अपने लोकसभा चुनाव न लड़ने के बारे में आडवाणी द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर प्रधानमंत्री ने कहा, "कई ऐसे प्रधानमंत्री हुए हैं जो राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। इंदिरा गांधी से लेकर एच. डी. देवेगौड़ा और आई. के. गुजराल तक राज्यसभा में रहते हुए प्रधानमंत्री बने। आडवाणी को अपनी इच्छा पूरी करने के लिए संविधान में संशोधन करना पड़ेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications