जदयू ने चुनावी घोषणा पत्र में सभी चुनाव एक साथ कराने का वादा किया (लीड-1)
पार्टी अध्यक्ष शरद यादव और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजघानी पटना में यह घोषणा पत्र जारी किया। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में समाज के सभी वर्गो का ध्यान रखने का प्रयास किया गया है। साथ ही बिहार को विशेष राज्य का दर्जा व विशेष आर्थिक पैकेज दिए जाने की बात भी कही गई है।
घोषणा पत्र में कहा गया है कि अगर जद (यु) दिल्ली की सत्ता में भागीदार बनता है तो वह लोकसभा, विधानसभा तथा नगरीय निकायों के चुनाव एक ही समय पर कराने के प्रयास करेगा। जद (यु) का मानना है कि इससे जहां सरकारी खर्च कम होगा वहीं विकास के कार्य भी नहीं रूकेंगे।
घोषणा पत्र में अल्पसंख्यकों के लिए विशेष योजना बनाने तथा दलित मुसलमानों और ईसाइयों को भी आरक्षण देने का वादा किया गया है। सड़कों के विकास तथा मरम्मत के लिए आवंटित की जा रही राशि को तीन गुना बढ़ाने तथा अति पिछड़े लोगों के लिए भी विशेष कार्यक्रम चलाने की बात कही गई है।
इसके अलावा घोषणा पत्र में केन्द्र प्रायोजित योजनाओं को भी समाप्त करने का वादा जदयू ने मतदाताओं से किया है। घोषणा पत्र में कहा गया है कि बिजली की स्थिति में सुधार किया जाएगा तथा गांवों में भी तीन स्तर (फेज) की बिजली आपूर्ति की जाएगी। घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का वादा भी किया गया है।
घोषणापत्र में कहा गया है कि बिहार पिछड़ा राज्य रहा है और इसे विकसित राज्य बनाने के लिए कई योजनाओं को सरजमीं पर लाना होगा। इस कारण इस राज्य को विशेष पैकेज देने होंगे। घोषणा पत्र में भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए भी कदम उठाने का वादा किया गया है। इसके अलावा प्रशासनिक सुधार कार्यक्रम लागू करने की बात भी घोषणा पत्र में है।
घोषणा पत्र में सहयोगी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रामजन्म भूमि मंदिर, समान नागरिक संहिता तथा धारा 370 जैसे विवादास्पद मुद्दे का विरोध भी किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications