पूर्व प्रधानमंत्री के साथ कोई बातचीत नहीं होगी : थाईलैंड सरकार (लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक रेड शर्ट्स के नाम से चर्चित थाकसिन समर्थक प्रदर्शनकारियों का एक समूह शुक्रवार को पुलिस और सेना द्वारा खड़ा किए गए अवरोधों को तोड़ते हुए दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के समूह (आसियान) के 14वें शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल की ओर कूच कर गया।
शुरू में पुलिस ने सैनिकों की मदद से प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने उन्हें रास्ता दे दिया।
इसके पहले सुथेप ने संवाददाताओं से कहा था कि प्रदर्शनकारियों को सम्मेलन स्थल तक जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कहा था, "इस बैठक में व्यवधान नहीं डालने दिया जाएगा। उनकी यह कोशिश गलत है। थाईलैंड के लिए यह बहुत खराब बात है। ये लोग सिर्फ अपने और अपने भ्रष्ट नेता के बारे में सोच रहे हैं।"
उधर, रेड शर्ट्स ने बैंकाक से पट्टाया के रास्ते में एक फ्रेंच पत्रकार की कार के शीशे तोड़ डाले और सम्मेलन की ओर जा रहे पत्रकारों के अन्य दो समूहों पर हमले किए।
इसके पहले गुरुवार को थाकसिन के दस हजार समर्थकों ने मध्य बैंकाक में व्यस्त विक्ट्री मानुमेंट इलाके पर जैसे पूरी तरह कब्जा कर लिया था। इस कारण राजधानी बैंकाक के प्रमुख चौराहों पर यातायात पूरी तरह जाम हो गया था।
प्रधानमंत्री अभिष्ट वेज्जाजिवा ने प्रशासन को प्रदर्शनकारियों से निपटने के लिए सहूलियत देने हेतु शुक्रवार को राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा की थी।
सुथेप ने संवाददाताओं को बताया कि इस बारे में सोचना बेबुनियाद है कि सरकार एक ऐसे प्रतिद्वंद्वी के साथ बातचीत करेगी जो सामान्य व्यवहार से आगे निकल चुका हो और समाज को तोड़ने का संकल्प ले चुका हो।
उधर पट्टाया के रॉयल क्लिफ बीच रिजॉर्ट में चल रही आसियान शिखर बैठक से 500 मीटर पहले प्रदर्शनकारियों की पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ झड़प हुई।
हजारों प्रदर्शनकारियों ने रिजॉर्ट को जाने वाली सभी सड़कों को बंद कर दिया। प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री अभिष्ट वेज्जाजिवा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संसद को भंग करने की मांग कर रहे थे।
विरोध प्रदर्शन को देखते हुए शिखर सम्मेलन के प्रेस कक्ष में 20 मिनट के लिए इंटरनेट और बिजली की सप्लाई काट दी गई। वहां सुरक्षा पुख्ता कर दी गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications