सोनिया ने पवार के साथ चुनाव रैली को संबोधित किया
विदर्भ इलाके के इस कस्बे में पवार के साथ पहली चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के सामने बड़ा खतरा सांप्रदायिक ताकतों से है, जिन्हें हर हाल में पराजित करना है।
गांधी ने अपने भाषण में किसी पार्टी का नाम लिए बगैर कहा, "देश अच्छी तरह जानता है कि अपने भाषणों के जरिए जनता के बीच विद्वेष फैलाने वाली ताकतें कौनसी हैं।"
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश की जनता सांप्रदायिकता, जातिवाद और क्षेत्रवाद पर खड़ी पार्टियों के बारे में जानती है।
उन्होंने कहा, "जनता ऐसी पार्टियों को ज्यादा समय तक बर्दाश्त नहीं करना चाहती, जिनके नेता अपने भाषणों के जरिए सांप्रदायिक दंगे भड़काते हों और आतंकियों का मेहमान की तरह सत्कार करते हों तथा उन्हें अफगानिस्तान छोड़ने जाते हों।"
गांधी ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा किसानों के लिए घोषित ऋण माफी योजना को अपनी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर शरद पवार ने अपने भाषण में संप्रग को वोट देकर वापस देश की सत्ता सौंपने का जनता से आह्वान किया।
पवार ने कहा, "हमें पूरा भरोसा है कि संप्रग वापस सत्ता में लौटेगा और देश के विकास के लिए लगातार काम करेगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications