भारत में आतंकवादियों से खतरा बढ़ा : चिदंबरम
चिदंबरम ने समाचार चैनल एनडीटीवी को दिए एक साक्षात्कार में कहा, "ऐसी खबरें हैं कि कश्मीर घाटी में पिछले कुछ दिनों में घुसपैठ की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। "
उन्होंने कहा, "चूंकि चार आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, जमात-उल-मुजाहिदीन और हिजबुल मुजाहिदीन पहले अलग-अलग काम करते थे लेकिन अब वे एकजुट होकर हमलों को अंजाम देने की रणनीति बना रहे हैं। ऐसे में खतरा स्वत: बढ़ जाता है।"
कश्मीर में लश्कर की बातचीत को इंटरसेप्ट किए जाने से यह तो सिद्ध हो जाता है कि लश्कर कश्मीर में मौजूद है लेकिन तालिबान की भारत में मौजूदगी पर चिंदबरम ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई विश्वसनीय आधार सामने नहीं आया है।
उन्होंने कहा, "अब तक पकड़े गए लोगों में से किसी की भी पहचान तालिबान के रूप में नहीं हुई है। हालांकि हम सभी को ज्ञात है कि भारत में घुसपैठ का गंभीर प्रयास किया जा रहा है। "
इसी सप्ताह एक अन्य समाचार चैनल से बातचीत में चिदंबरम ने कहा था कि घुसपैठिये देश में अप्रैल-मई में चुनाव के दौरान उत्पात मचाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा था, "हमें ऐसी खुफिया सूचनाएं मिली हैं कि घुसपैठिये चुनाव में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा था कि इन्हीं खतरों को देखते हुए हमने राजनेताओं को चुनावी दौरे के समय सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications