उद्योगपति सांसद नवीन जिंदल पर जूता
कुरुक्षेत्र (हरियाणा), 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उद्योगपति व कांग्रेस सांसद नवीन जिंदल पर शुक्रवार को एक सेवानिवृत्त स्कूली अध्यापक ने जूते से हमला किया।
हालांकि जूता जिंदल को नहीं लग पाया, लेकिन इस घटना के बाद हरियाणा पुलिस ने सेवानिवृत्त अध्यापक राज पाल को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जूता फेंकने वाले व्यक्ति का डाक्टरी परीक्षण किया जा रहा है, क्योंकि जब उसने जूता फेंका था, तब वह नशे की अवस्था में लग रहा था। इस घटना के पीछे का स्पष्ट कारण अभी पता नहीं चल पाया है।
कुरुक्षेत्र के वर्तमान सांसद जिंदल इस सीट से दोबारा मैदान में हैं।
जिंदल ने संवाददाताओं से कहा, "इस घटना के पीछे विपक्षी पार्टी इंडियन नेशनल लोक दल (आईएनएलडी) का हाथ है। इस पार्टी के स्थानीय नेता इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं।"
इसके पहले नई दिल्ली में पत्रकार जरनैल सिंह ने गृह मंत्री पी.चिदंबरम पर पिछले मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान जूता फेंका था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications