उड़ीसा में सियासी पाला बदल का खेल तेज हुआ
भुवनेश्वर, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उड़ीसा में लोकसभा के साथ राज्य विधानसभा के भी चुनाव हैं और ऐसे में मानो हर नेता अपनी उम्मीदवारी पक्की कर लेना चाहता है। यही वजह है कि टिकट पाने के लिए नेताओं को सियासी पाला बदलने से जरा भी परहेज नहीं है।
राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच 11 साल पुरान गठबंधन अब टूट चुका है। अब ये दोनों दल इस बार उन सीटों पर भी चुनाव लड़ रहे हैं जो इन्होंने पिछली बार एक दूसरे के लिए छोड़ी थीं।
भाजपा और बीजद गई जगहों पर एक दूसरे के नेताओं को टिकट थमा रहे हैं। पिछले महीने भाजपा छोड़कर बीजद में शामिल होने वाले चार विधायकों में से दो बृंदाबन माझी को कुचिंडा और महेश साहू को तलचर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिला है।
दूसरी ओर बीजद के कई नेता जिन्हें यह यकीन हो गया है कि उन्हें टिकट नहीं मिलेगा, वे भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें भुवनेश्वर से सांसद अर्चना नायक और पुरी से सांसद ब्रज किशोर प्रमुख हैं। भाजपा ने इन्हें टिकट भी दिया है।
भाजपा ने कांग्रेस के पूर्व नेता उमाबल्लभ रत्न को पुरी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर भारतीय कम्यूनिस्ट पार्टी (भाकपा) के पूर्व सचिव नित्यानंद प्रधान बीजद के टिकट पर अस्का लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications