'हम जिसे चाहें वही होगा प्रधानमंत्री'

कथित तौर पर चौथा मोर्चा बनाने के बाद मुलायम सिंह यादव, लालू यादव व रामविलास पासवान ने पहली बार इटावा के सैफई में गुरूवार को संयुक्त चुनावी रैली को संबोधित किया। इस मौके पर लालू, पासवान और मुलायम ने एक मंच पर आकर अपनी एकजुटता का एलान करते हुए कहा, "देश का अगला प्रधानमंत्री वही होगा जिसे हम तीनों भाई चाहेंगे।"
विधानसभा चुनावों में भी रहेगा गठबंधन
इन नेताओं ने कहा कि उनका गठबंधन सिर्फ आगामी लोकसभा चुनावों के लिए नहीं है बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों में भी उनका समझौता जारी रहेगा। लालू ने कहा, "उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार में सांप्रदायिक ताकतों को धूल चटाने के लिए हम तीन भाई (मुलायम-पासवान-लालू) इकट्ठा हुए हैं। हम एक साथ मिलकर गरीब और कमजोरों की लड़ाई लड़ते रहेंगे।"
पासवान ने इस मौके पर प्रदेश की बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि खुद को दलितों की मसीहा कहने वाली मायावती सबसे बड़ी दलित विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि आज बसपा का हाथी सामंतवादियों के खंभे से बंध गया है।
पासवान और लालू ने मुलायम को उत्तरप्रदेश का सबसे बड़ा नेता बताते हुए जनता से सपा को वोट देने की अपील की। तीनों नेता शुक्रवार को बिहार में संयुक्त रूप से चार चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications