फोर्ब्स की सूची में रिलायंस और स्टेट बैंक सहित 47 भारतीय कंपनियां
वाशिंगटन, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। दुनिया की 2000 सबसे बड़ी कंपनियों की फोर्ब्स की सूची में मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस और स्टेट बैंक सहित भारत की 47 कंपनियां शामिल हैं।
अमेरिका की बिजनेस पत्रिका द्वारा बनाई गई सूची में रिलांयस को 121 वां स्थान मिला है। शीर्ष 200 कंपनियों में भारत की स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (150 वां स्थान) तथा तेल और प्राकृतिक गैस निगम (152वां स्थान)भी शामिल है।
भारत की पांच कंपनियां जिनमें घोटालों से घिरी आईटी कंपनी सत्यम, रियल्टी फर्म यूनिटेक, सुजलान एनर्जी और अनिल अंबानी समूह की दो कंपनियां-रिलायंस पावर तथा रिलायंस कैपिटल फोर्ब्स की इस वर्ष की शीर्ष 2000 कंपनियों की सूची से बाहर हो गईं हैं।
हीरो होंडा मोटर्स, सन फार्मा, इंडियन बैंक और जिंदल स्टील और पावर लिमिटेड के रूप भारत की चार नई कंपनियों ने फोर्ब्स की सूची प्रवेश पाया है।
फोर्ब्स सूची में शामिल 10 शीर्ष भारतीय कंपनियों की सूची में रिलायंस (121),स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (150), तेल और प्राकृतिक गैस निगम(152),भारतीय तेल निगम(207),एनटीपीसी (317),आईसीआईसीआई बैंक (329),टाटा स्टील (463),भारती एयरटेल (508),भारतीय इस्पात प्राधिकरण (582) और रिलायंस कम्युनिकेशन (689) शामिल हैं।
फोर्ब्स ने कहा कि इस वर्ष की सूची वैश्विक व्यापार की गतिशीलता को उद्घाटित करती है। दुनिया के 62 देशों की कंपनियों के बीच से तैयार सूची में 551 कंपनियों के साथ अमेरिका शीर्ष पर है लेकिन वर्ष 2004 में पहली बार फोर्ब्स विश्व सूची के जारी होने पर शामिल अमेरिकी कंपनियों की संख्या से यह 200 कम है।
इस वर्ष फोर्ब्स विश्व सूची में चीन की 91,दक्षिण कोरिया की 61 और भारत की 47 कंपनियां शामिल है। यहां तक कि कजाकिस्तान की कंपनी भी 2000 कंपनियों की सूची में शामिल है।
बैंकिंग उद्योग में भारी उथल पुथल के बावजूद इस वर्ष भी फोर्ब्स सूची में 307 बैंकिंग कंपनियां शामिल होने में सफल रहीं। तेल और गैस क्षेत्र की 126 और दवा क्षेत्र की 59 कंपनियां फोर्ब्स 2000 की सूची में शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*