अमेरिका ने लिट्टे से नागरिकों को मुक्त करने को कहा (लीड-1)
अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री (दक्षिण और मध्य एशिया) रिचर्ड बाउचर और श्रीलंका में अमेरिकी राजदूत राबर्ट ब्लैक ने तमिल प्रवासियों का प्रतिनिधित्व करने वाले कई संगठनों के साथ बैठक के दौरान यह आग्रह किया।
विदेश विभाग ने बुधवार को कहा कि श्रीलंका की मानवीय स्थिति पर चर्चा के दौरान दोनों अधिकारियों ने श्रीलंका सरकार से संघर्ष के एक राजनीतिक समाधान के लिए पूरी दुनिया के तमिल प्रवासी समुदाय सहित स्थानीय तमिलों के साथ तुरंत वार्ता आरंभ करने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने 'गैर गोलीबारी क्षेत्र' में फंसे नागरिकों के भविष्य पर भी चिंता जाहिर की और लिट्टे से उनको तुरंत रिहा करने को कहा।
उधर श्रीलंका के युद्धग्रस्त क्षेत्र में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय रेडक्रास समिति (आईसीआरसी) के कर्मचारी सिन्नाथुरई कुगाथासन की हत्या कर दी गई।
कुगाथासन वर्ष 2002 से आईसीआरसी के साथ जल आपूर्ति से जु़ड़े काम में तकनीकी विशेषज्ञ थे। वह शादीशुदा थे और तीन बच्चों के पिता थे।
आईसीआरसी की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि अंपालावापोकनई में बुधवार को कुगाथासन को उस समय गोली लगी जब वह काम कर रहे थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अंपालावापोकनई लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के कब्जे वाला तटीय क्षेत्र है।
गौरतलब है कि विगत चार मार्च को श्रीलंका के तटीय इलाके में वादीवेल विजयुकमार नाम के आईसीआरसी के एक अन्य कर्मचारी की हत्या कर दी गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications