लिट्टे मीडिया ने युद्ध में हार के लिए सोनिया पर साधा निशाना
नई दिल्ली, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। श्रीलंका में युद्ध समाप्त कराने में भारत की विफलता के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) समर्थक मीडिया के निशाने पर हैं। इससे भारतीय सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।
भारत ने इस वर्ष पहली बार लिट्टे को आतंकवादी संगठन कहना आरंभ किया है। लिट्टे मीडिया के अनुसार भारत सरकार युद्ध में श्रीलंका का समर्थन कर रही है। सोनिया के साथ उनके गठबंधन के सहयोगी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.करुणानिधि भी तमिल मीडिया के निशाने पर हैं।
लिट्टे की राजनीतिक इकाई से संबंधित पुथीनाम तमिल वेबसाइट ने तमिलों की हत्या और परेशानियों के लिए भारत और सोनिया गांधी को दोषी ठहराते हुए लंबा लेख जारी किया है।
वेबसाइट के अनुसार यह भारत का युद्ध है। यदि श्रीलंका चाहे तो भी भारत युद्ध समाप्त नहीं होने देगा। वेबसाइट ने आरोप लगाया कि श्रीमती गांधी तब तक शांति से नहीं सोएंगी जब तक प्रभाकरण के ताबूत में अंतिम कील न ठोंक दी जाए।
लिट्टे समर्थक एक अन्य वेबसाइट निथारसनम ने सोनिया गांधी को एक कार्टून में रक्त पिपासु देवी के रूप में चित्रित किया है।
लिट्टे मीडिया ने अपने समर्थकों से अपनी ऊर्जा भारत पर केंद्रित को कहा है, जिससे कि श्रीलंका पर युद्ध समाप्त करने के लिए दबाव डाला जा सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications