असम में कांग्रेस को हराने के लिए विपक्ष व उल्फा में साठगांठ : गोगोई
गोगोई ने गुरुवार को पत्रकारों से चर्चा में कहा, "हमें जानकारी मिली है कि कांग्रेस को हराने के लिए कुछ राजनीतिक दलों ने उल्फा से हाथ मिला लिया है। हम इस बारे में जांच पड़ताल कर रहे हैं। जैसे ही कोई पुख्ता सबूत मिलेगा हम उन राजनीतिक दलों के नामों का खुलासा करेंगे।"
उन्होंने कहा, "इन राजनीतिक दलों के बारे में आप खुद अंदाजा लगा सकते हैं। ये वे दल हैं जिनका उल्फा के प्रति नरम रवैया रहता है और जो उसके कृत्यों की निंदा तक नहीं करते।"
हाल के दिनों में हुई आतंकवादी वारदातों के मद्देनजर विपक्ष द्वारा की जा रही मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग पर गोगोई ने कहा कि हाल के वर्षो में राज्य में कानून व व्यवस्था की हालत में सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा, "वर्ष 1996 से लेकर 2001 तक असग गण परिषद (अगप) के शासनकाल में हिंसा की जितनी घटनाएं हुई थी उसके मुकाबले में ऐसी घटनाओं में कमी आई है और मरने वालों की संख्या में भी कमी आई है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षाबलों की कमी के कारण असम में उग्रवाद पर काबू पाने में दिक्कत पेश आ रही है।
उन्होंने कहा, "हमने केंद्र सरकार से अर्धसैनिक बलों की 120 अतिरिक्त कंपनियां मांगी थी लेकिन अब तक हमें सिर्फ 75 कंपनियां ही मिल सकी हैं। हम उम्मीद करते हैं कि केंद्र सरकार जल्द ही हमें और कंपनियां मुहैया कराएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications