मझधार में फंसी झामुमो नहीं बना पाई है चुनावी रणनीति
पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन अस्पताल में भर्ती हैं। लोकसभा के पहले चरण के मतदान में करीब एक सप्ताह से कम समय बचा है लेकिन पार्टी अभी तक अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी नहीं कर पाई है और न ही प्रचार शुरू कर पाई है।
प्रचार शुरू करने के बारे में पूछे जाने पर पार्टी महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, "मैं 12 अप्रैल तक एक स्थानीय बंगाली पर्व में व्यस्त हूं।"
राज्य में 16 और 23 अप्रैल को मतदान होंगे।
एक निराश झामुमो नेता ने कहा, "हमारे पार्टी प्रमुख अस्पताल में हैं। उनके बेटों की घोषणा पत्र में कोई रुचि नहीं है। दस्तावेज तैयार करने के लिए कोई समिति नहीं बनाई गई है।"
उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा से चुनाव के पहले ही अपनी नीतियों और विचारों का खुलासा किया है।
यद्यपि, पार्टी औपचारिक रूप से अब भी यह कह रही है कि घोषणा पत्र जारी किया जाएगा।
झामुमो की केंद्रीय समिति के सदस्य शैलेंद्र भट्टाचार्य ने कहा, "हम यह नहीं कह सकते कि कब घोषणा पत्र जारी होगा। जब भी हम इसे लेकर आएंगे, आपको सूचित कर दिया जाएगा।"
उन्होंने जोर दिया कि उम्मीदवार अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में प्रचार कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री सोरेन पिछले करीब ढाई माह से नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती हैं। उनके बड़े बेटे दुर्गा सोरेन ने गोड्डो निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ने को लेकर पार्टी और सहयोगी कांग्रेस से दूरी बना ली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।