मैं जरनैल सिंह के कदम को उचित मानता हूं: दर्शन रागी
टोरंटो, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। अकाल तख्त के पूर्व जत्थेदार और सिख विद्वान दर्शन रागी ने पत्रकार जरनैल सिंह द्वारा गृह मंत्री पी. चिदंबरम पर जूता फेंकने को उचित ठहराया है। उन्होंने कहा कि 1984 के दंगों के दोषियों को सजा देकर ही सिख समुदाय को संतुष्ट किया जा सकता है।
रागी ने आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में कहा, "गृह मंत्रालय के तहत आने वाले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने जगदीश टाइटलर को क्लीन चिट दी है और ऐसे में मैं पत्रकार के गुस्से को उचित मानता हूं। क्या 1984 के दंगों में टाइटलर और सज्जन कुमार की भूमिका के बारे में किसी को कोई संदेह है?"
टोरंटो में रहने वाले रागी ने कहा,"टाइटलर और सज्जन कुमार को टिकट देकर कांग्रेस ने यह जताया है कि वह सिख समुदाय की भावनाओं की परवाह नहीं करती। इन दोनों को सार्वजनिक जीवन से बेदखल कर जेल में बंद करना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "क्रिया की प्रतिक्रिया होती है। मेरा मानना है कि पत्रकार ने जो कदम उठाया वह अपनी जगह उचित था।"
उधर, एक अन्य सिख नेता नछत्तर सिंह चौहान ने कहा, "गुस्सा प्रकट करने के लिए पत्रकार ने जो तरीका अपनाया वह गलत था। उनका यह कदम टाइटलर और कुमार के लिए उचित हो सकता था।"
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान एक राष्ट्रीय हिंदी समाचार पत्र के पत्रकार जरनैल सिंह ने चिदंबरम पर एक संवाददाता सम्मेलन में जूता फेंक कर सनसनी फैला दी थी। जरनैल सिंह ने यह कदम सिख विरोधी दंगों को लेकर सीबीआई द्वारा कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर को क्लीन चिट देने पर अपना विरोध जाहिर करने के लिए उठाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications