फरवरी में देश का औद्योगिक उत्पादन 1.2 फीसदी घटा
इससे पहले जनवरी महीने में औद्योगिक उत्पादन में गिरावट की बात कही गई थी लेकिन संशोधित आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में इसमें 0.39 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया।
गुरुवार को जारी किए गए औद्योगिक उत्पादन सूचकांक के आंकड़ों के मुताबिक फरवरी में विनिर्माण क्षेत्र के उत्पादन में 1.4 फीसदी की गिरावट आई जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में इसमें 9.6 फीसदी का विकास दर्ज किया गया था।
खनन संबंधी उत्पादन में 1.6 फीसदी की गिरावट आई जबकि फरवरी 2008 में इसमें आठ फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। बिजली उत्पादन के सूचकांक में समीक्षा अवधि में 0.8 फीसदी की तेजी दर्ज कि गई जबकि गत वर्ष यह दर 9.8 फीसदी थी।
वर्ष 2008-09 के पहले 11 महीनों के दौरान संचयी सामान्य सूचकांक में 2.8 फीसदी का विस्तार दर्ज किया गया जबकि पिछले वर्ष की समान अवधि में यह दर 8.8 फीसदी थी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2007-08 के दौरान औद्योगिक उत्पादन 8.1 फीसदी और उससे पिछले वर्ष 11.6 फीसदी था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications