झटकों के कारण बचाव कार्य में बाधा

इटली में सोमवार सुबह ज़बरदस्त भूकंप आया था जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.2 मापी गई थी.
ताज़ा झटके लकिला में स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजकर 27 मिनट पर आए. इस कारण पहले से ही क्षतिग्रस्त इमारतों के कई हिस्से गिर गए. रोम में भी झटके महसूस किए गए.
एक ओर जहाँ मरने वालों की संख्या बढ़ी है वहीं करीब 100 लोग गंभीर रूप से घायल है और बीस हज़ार लोग बेघर हो गए हैं.
हज़ारों लोगों ने रात शिविरों में बिताई. रात में तापमान करीब शून्य से पाँच डिग्री कम था.
बचाव कार्य में बाधा
बीबीसी संवाददाता के मुताबिक लकिला में राहतकर्मी रात भर काम करते रहे ताकि मलबे में ज़िंदा बचे लोगों को बचाया जा सके. करीब 150 लोगों को मलबे से ज़िंदा निकाला जा चुका है.
इटली में रेड क्रॉस के प्रमुख फ़्रेन्चेस्को रोचा ने कहा कि बेघर हुए लोगों को अपना घर बसाने में महीनों या फिर सालों लग सकते हैं.
रात को भूकंप के करीब सात झटके महसूस किए गए. 13वीं सदी के मध्यकालीन कस्बे लकिला में तीन से दस हज़ार के बीच इमारतें नष्ट हो गई हैं.
इस बीच पोप बेनेडिक्ट ने कहा है कि वे जल्द ही इलाक़े का दौरा करेंगे.
इस कस्बे को इटली में पुरातत्विद के हिसाब से काफ़ी अहम माना जाता था.


Click it and Unblock the Notifications