इटली में भूकंप से मरने वालों की संख्या 235 हुई(लीड-1)
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक इटली के सरकारी टेलीविजन ने बताया कि मंगलवार शाम को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए जिससे अब्रूजू क्षेत्र की राजधानी ला अक्वे ला के उपनगरीय इलाके सांता रुफीना डी रोइयो में एक महिला की मौत हो गई। इसका विवरण नहीं मिल सका है।
भूकंप के इस झटके की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.3 मापी गई। सोमवार सुबह आए भूकंप की तीव्रता 5.8 से 6.2 के बीच थी।
अब्रुजू के अध्यक्ष गियानी चिओदी ने एक बैठक के बाद कहा, "भूकंप से 25,000 लोग बेघर हो गए हैं।"
इटली के प्रधानमंत्री सिलवियो बर्लुस्कोनी ने मंगलवार को अक्वे ला शहर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बचाव कार्य अगले 48 घंटो तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि भूकंप में लगभग 1,000 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 500 लोग अब्रुजू के अस्पताल में भर्ती हैं।
उधर, मंगलवार को तुर्की और इराक यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बर्लुस्कोनी को फोन कर भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति शोक प्रकट किया। ओबामा ने अपने शोक संदेश में कहा है, "इटली के लोग इस मुश्किल घड़ी में हैं। ऐसे में अमेरिकी जनता की प्रार्थना उनके साथ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications