सिख विरोधी दंगे के मामले में कोई लीपापोती नहीं : चिदंबरम
चिदंबरम ने सीएनएन-आईबीएन टेलीविजन चैनल को बताया, "सिखों की यह शिकायत जायज है कि इस मामले में पर्याप्त लोगों को सजा नहीं दी गई। लेकिन कुछ लोगों को दंडित किया गया है।"
सिख समुदाय के लिए उनके संदेश के बारे में पूछे जाने पर चिदंबरम ने कहा, "कानून अपना काम पूरा करेगा। जिनके ऊपर आरोप तय किए गए हैं, उनमें से कुछ को दंडित किया जाएगा और कुछ लोग तकनीकी कारणों से बरी भी हो सकते हैं। लेकिन जहां तक मेरी जानकारी है सरकार में कोई भी ऐसा व्यक्ति नहीं है जो इस मामले में लीपापोती करने की कोशिश कर रहा हो।"
चिदंबरम ने कहा, "मैं न्यायाधीश नहीं हूं। मैं अदालत भी नहीं हूं। किसी को दोषी ठहराना या उसे निर्दोष बताना मेरे लिए उचित नहीं है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस टाइटलर को अपना उम्मीदवार बनाए रखेगी, चिदंबरम ने कहा, "इस सवाल का जवाब मैं नहीं दे सकता।"
दैनिक जागरण के संवाददाता जरनैल सिंह की हरकत के बारे में चिदंबरम ने कहा, "यह एक पत्रकार की भावनाओं का उद्वेग था और उसने उसके लिए पश्चाताप भी किया। जहां तक मेरा मामला है, अब यह मामला समाप्त हो चुका है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications