अमेरिका से 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त सहायता चाहता है पाकिस्तान
वाशिंगटन, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अमेरिका विरोधी भावना मिटाने, आतंकवादियों से पाकिस्तान की नागरिक सरकार को सुरक्षित रखने और अल कायदा से लड़ने के लिए अगले पांच वर्षो में पाकिस्तान ने अमेरिका से मार्शल योजना जैसे पैकेज के तहत 30 अरब डॉलर देने को कहा है।
अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत हुसैन हक्कानी ने समाचार पत्र 'वाशिंगटन टाइम्स' में बुधवार को प्रकाशित एक साक्षात्कार के माध्यम से यह मांग की है।
हक्कानी की योजना अगले सप्ताह टोक्यो में पाकिस्तान के दानदाताओं की होने वाली बैठक में भाग लेने की है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों के दिवालिया बैंकों और निगमों को बचाने के लिए दी गई रकम की तुलना में यह बहुत मामूली धन है। परंतु अमेरिकी सुरक्षा और लंबे समय तक दुनिया की स्थिरता की दृष्टि से इसका प्रभाव काफी अधिक होगा।
हक्कानी ने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद से लड़ने की इच्छा है, उसे संसाधनों की जरूरत है और अमेरिका को उन्हें उपलब्ध कराना चाहिए।
राजदूत ने मीडिया में प्रकाशित उन रिपोर्टों का खंडन किया जिनमें कहा गया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर सर्विसिज इंटेलीजेंस (आईएसआई) तालिबान की सहायता कर रही है, जिसे उसने पिछले 20 वर्षो में तैयार किया है। हक्कानी ने कहा, "आईएसआई के कुछ संबंध सूत्र बनाने के लिए हैं। जेहादियों के सक्रिय समर्थन का युग समाप्त हो गया है।"
हक्कानी ने कहा कि तालिबान के खिलाफ संघर्ष के पिछले प्रयासों के बारे में अंतर्राष्ट्रीय चिंताओं को वह समझते हैं लेकिन सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिकी सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications