नेपाल ने नई वाणिज्य नीति घोषित की
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार वाणिज्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेंद्र महतो ने मंगलवार को काठमांडू में एक संवाददाता सम्मेलन में नई नीति की घोषणा की।
समाचार पत्र 'द राइजिंग नेपाल' के मुताबिक वाणिज्य नीति-2009 वर्ष 1992 में जारी की गई पिछली वाणिज्य नीति का स्थान लेगी। माना जा रहा है कि नई नीति बदलते वक्त की जरूरतों को ध्यान रखते हुए निर्मित की गई है।
महतो ने कहा कि नई नीति नेपाल का व्यापार घाटा कम करने और उसे अंतर्राष्ट्रीय व्यापार नियमों के अनुरूप बनाने के लिए बनाई गई है। उन्होंने कहा कि विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ), दक्षिण एशियाई मुक्त व्यापार क्षेत्र (साफ्टा), बे ऑफ बंगाल इनीशिएटिव फॉर मल्टी सेक्टरल टेक्नीकल एंड इकोनोमिक कोऑपरेशन (बिम्सटेक) आदि के साथ हुए समझौतों के मद्देनजर पुराने समझौते को बदलने की आवश्यकता थी।
वाणिज्य सचिव पुरुषोत्तम ओझा ने कहा कि नई नीति शेष विश्व के साथ नेपाल के व्यापार व वाणिज्य के तौर तरीके बदलने में सहयोगी होगी।
नई नीति में निर्यात आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने और वाणिज्य मंत्री के नेतृत्व में व्यापार बोर्ड का गठन किए जाने की बात भी कही गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications