बढ़त के साथ बंद हुए शेयर बाजार (राउंडअप)
इससे पहले बुधवार सुबह शेयर बाजार गिरावट के साथ खुले थे और शुरुआती कारोबार के दौरान बाजार जमकर लुढ़क गए थे।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' बुधवार को पिछले बंद के मुकाबले 251.29 अंक गिरकर 10,283.58 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 207.47 अंकों की तेजी के साथ 10,742.34 पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने 10,778.11 के उच्चतम और 10,171.91 के निम्नतम स्तर पर कारोबार किया।
मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी तेजी आई। मिडकैप सूचकांक 99.51 अंकों की जबरदस्त तेजी के साथ 3,302.59 पर बंद हुआ। इसी तरह स्मालकैप सूचकांक 158.73 अंकों की बढ़त के साथ 3,705.97 के स्तर पर बंद हुआ।
बीएसई में बैंकिंग को छोड़कर सभी सेक्टरों ने बढ़त के साथ कारोबार किया। रियल्टी, पूंजीगत वस्तुओं, दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं, सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों और तेल एवं गैस कंपनियों के सूचकांकों में सबसे अधिक तेजी देखी गई। रियल्टी सूचकांक 4.74 फीसदी तक उछल गया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' पिछले बंद के मुकाबले 1.25 अंक गिरकर 3,255.35 पर खुला। कारोबार के अंत में यह 86.35 अंकों की उछाल के साथ 3,300 के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर 3,342.95 पर बंद हुआ।
शेयर बाजारों में आज आई तेजी में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, एनटीपीसी, ओएनजीसी, आईटीसी, टीसीएस, एल एंड टी, विप्रो, सेल आदि के शेयरों का योगदान रहा। इन कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेज उछाल दर्ज किया गया।
बीएसई में कारोबार का रुख सकारात्मक रहा। यहां सूचीबद्ध कुल कंपनियों में 2021 के शेयरों की कीमतों में तेजी आई जबकि 468 के शेयरों की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications