इटली में भूकंप से मरने वालों की संख्या 250 हुई (लीड-2 )
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों की संख्या में वृद्धि हो सकती है क्योंकि बचावकर्मियों को इमारतों के मलबे के नीचे दबे लोग मिल रहे हैं।
मंगलवार शाम को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए जिससे अब्रूजू क्षेत्र की राजधानी ला अक्वे ला में चल रहे बचाव कार्य पर असर पड़ा है। सोमवार सुबह आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.8 से 6.2 के बीच थी।
अधिकारियों ने लापता लोगों के संबंधियों से ला अक्वे ला शहर में एक शॉपिंग माल के निकट बने अस्थायी शवगृह पर एकत्र होने के लिए कहा है ताकि मृतकों में अपनों की पहचान कर सकें।
इटली के प्रधानमंत्री सिलवियो बर्लुस्कोनी ने मंगलवार को अक्वे ला शहर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बचाव कार्य अगले 48 घंटों तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि भूकंप में लगभग 1,000 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 500 लोग अब्रुजू के अस्पताल में भर्ती हैं।
उधर, मंगलवार को तुर्की और इराक यात्रा के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने बर्लुस्कोनी को फोन कर भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति शोक प्रकट किया। ओबामा ने अपने शोक संदेश में कहा है, "इटली के लोग इस मुश्किल घड़ी में हैं। ऐसे में अमेरिकी जनता की प्रार्थना उनके साथ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications