दोहरे मापदंड अपना रहा है निर्वाचन आयोग : मायावती (लीड-1)
दरअसल, निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य के मुख्य गृह सचिव फतेह बहादुर सिंह को हटाए जाने से मायावती नाराज हैं। लखनऊ में बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में मायावती ने कहा कि आयोग ने सिंह को हटाए जाने का फैसला विपक्ष की झ्झूठी और निराधार शिकायतों के आधार पर लिया है।
उन्होंने कहा, "विरोधी दलों की शिकायतों के आधार पर निर्वाचन आयोग को अधिकारियों को नहीं हटाना चाहिए।"
मायावती ने कहा कि अगर निर्वाचन आयोग को किसी अधिकारी से शिकायत थी तो उसे राज्य सरकार के संज्ञान में लाना चाहिए था, जिससे कि सरकार उस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करती। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने इससे पहले बिना प्रदेश सरकार से पैनल मंगवाए ही मनमाने तरीके से कई नियुक्तियां कर चुका है।
उन्होंने कहा, "उत्तर प्रदेश सरकार चुनावी प्रक्रिया में किसी प्रकार का हस्तक्षेप करना नहीं चाहती है। मैं आयोग को यह स्पष्ट करना चाहती हूं कि मेरे शासन में आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन नहीं होगा और यहां स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव होंगे। मेरी सरकार चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी और अनियिमतता बर्दाश्त नहीं करेगी"
उन्होंने कहा, "अगर भविष्य में निर्वाचन आयोग को किसी सरकारी अधिकारी की शिकायत मिलती है तो वह प्रदेश सरकार को बताए। हमारी सरकार उस अधिकारी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करेगी।"
मायावती ने कहा कि निर्वाचन आयोग जिस तरह का कदम उठा रहा है उससे भविष्य में अगर कोई आतंकी हमला या कोई दूसरी अप्रिय घटना घटती है तो उसके लिए प्रदेश सरकार जिम्ममेदार नहीं होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications