नक्सलियों ने की चुनाव बहिष्कार की घोषणा

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी भवनों, सार्वजनिक स्थलों तथा कई घरों के बाहर हाथ से लिखे ऐसे पोस्टर चिपकाए हैं। इन पोस्टरों के चिपकाए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है, लोग कुछ भी बोलने से परहेज कर रहें हैं। जानकारी मिलने के बाद पुलिस पोस्टरों को वहां से हटा रही है।
जगह-जगह पोस्टर चस्पा किये
गया जिले के एक पुलिस पदाधिकारी के मुताबिक बाराचट्टी, डुमरिया, इमामगंज, शेरघाटी प्रखंड के कई ग्रामीण क्षेत्रों में चुनाव बहिष्कार के पोस्टर चिपकाए गए हैं। जमुई जिले के खैरा तथा कौआकोल क्षेत्रों में भी ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि बिहार में चार चरणों 16, 23 तथा 30 अप्रैल और सात मई को मतदान होना है। बिहार पुलिस के प्रवक्ता नीलमणि का कहना है कि पिछले कई चुनावों से नक्सलवादी ऐसे पोस्टर चिपका कर चुनाव बहिष्कार करने की घोषणा करते रहे हैं। उन्होंने बुधवार को बताया कि पुलिस ने नक्सल प्रभावित इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजने का कार्य प्रारंभ कर दिया है तथा ऐसे इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ छापामारी अभियान तेज कर दिया गया है।
मगध क्षेत्र की पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अनुपमा एस़ निलेकर ने बताया कि झारखंड से लगे गया, औरंगाबाद तथा नवादा जिलों के सीमावर्ती क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस को सफलता भी मिल रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications