अब अमर सिंह, चिरंजीवी ने हाथ मिलाया

मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में अमर सिंह ने कहा, "चौथे मोर्चे के गठन की संभावनाओं के मद्देनजर हमने चिंरजीवी की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाया है।" उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और तीसरे मोर्चे के कुछ घटक दलों से अलग चौथे मोर्चे की संभावनाओं को कैसे सच्चाई में तब्दील किया जा सकता है इस बारे में चिंरजीवी से उनकी चर्चा हुई।
वाम दल भी चौथे मोर्चे के साथ
अमर सिंह के मुताबिक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के मुखिया रामविलास पासवान भी चौथे मोर्चे में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने वाम दलों के भी इस मोर्चे से जुड़ने की संभावनाओं से इंकार नहीं किया। इस दौरान चिरंजीवी ने पत्रकारों से चर्चा में कहा, "मुझे खुशी है कि जिस चौथे मोर्चे के बारे में मैंने सोचा था वह साबित होता दिख रहा है।"
उल्लेखनीय है कि चिरंजीवी की पार्टी राज्य की 42 संसदीय सीटों पर जबकि राज्य विधानसभा की 294 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। चिरंजीवी चौथे मोर्चे के गठन को लेकर इसलिए भी उत्सुक हैं क्योंकि उनकी प्रतिद्वंद्वी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) तीसरे मोर्चे की अहम घटक दल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications