आतंकवाद से मुकाबले पर 50 करोड़ डॉलर और खर्च करेगा अमेरिका
वाशिंगटन, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका ने आतंकवाद से निपटने के लिए बने कोष की राशि में 50 करोड़ डॉलर का इजाफा करने का फैसला किया है। इसके अतिरिक्त चालकरहित विमानों के बेड़े का आकार भी दोगुना करने का प्रस्ताव है।
रक्षा मंत्री रॉबर्ट गेट्स ने सोमवार को 2010 के लिए रक्षा मंत्रायल का बजट पेश करते हुए कहा, "वश्विक साझीदारी बढ़ाने के लिए हम इस कोष में 50 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी कर रहे हैं। इसके तहत विदेशी सैनिकों को आतंकवाद से निपटने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।"
रक्षा मंत्रालय की प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत देते हुए इस बजट कुछ ऐसे मदों में कटौती की गई है जिनपर पारंपरिक रूप से काफी ज्यादा खर्च किया जाता रहा है।
गेट्स ने 2011 तक एफ-22 विमानों का निर्माण बंद करने और 23 प्रेसिडेंशियल विमानों के प्रस्तावित बेड़े का निर्माण कार्यक्रम रोकने की बात भी कही।
गेट्स ने वित्त वर्ष 2011 तक प्रीडेटर और रीपर श्रेणी के 50 चालकरहित विमानों की मांग भी की। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 62 फीसदी ज्यादा है।
उल्लेखनीय है कि इन विमानों का पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सीमा से लगे इलाकों में आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए जमकर इस्तेमाल किया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications