अमेरिका में शिक्षा के इच्छुक भारतीय छात्रों की संख्या घटी
वाशिंगटन, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के स्नातक स्कूलों की परिषद की ओर से मंगलवार को जारी सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका में स्नातक कक्षाओं में प्रवेश लेने के लिए आवेदन करने वाले भारतीय और दक्षिण कोरियाई छात्रों की संख्या घटी है जबकि चीन और मध्य पूर्व के छात्रों की संख्या बढ़ी है।
अमेरिका और कनाडा के 500 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था ने कहा कि बहरहाल वर्ष 2009 के लिए स्नातक कक्षाओं के लिए आवेदन करने वाले विदेशी छात्रों की संख्या में चार प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
विदेशी छात्रों के आवेदन में वर्ष 2008 में छह प्रतिशत, 2007 में नौ प्रतिशत और 2006 में 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। शोध डिग्री के इच्छुक विदेशी छात्रों की संख्या में पांच प्रतिशत की वृद्धि हुई है लेकिन परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश के इच्छुक विदेशी छात्रों की संख्या में 17 प्रतिशत की गिरावट आई है।
परिषद ने 400,000 से अधिक आवेदनों का सर्वेक्षण किया। परिषद के अनुसार वर्ष 2008 की तुलना में चीन और मध्य एशिया से आवेदनों में 20 प्रतिशत और तुर्की से 16 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
दूसरी ओर भारत से आने वाले आवेदनों में नौ प्रतिशत और दक्षिण कोरिया से प्राप्त आवेदनों में सात प्रतिशत की गिरावट देखी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications