सोनिया ने किया मनमोहन का बचाव, आडवाणी पर बरसी
दक्षिण में अपने पहले चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा, "आप लोगों को तय करना है। एक तरफ मनमोहन सिंह जैसा योग्य व मजबूत नेता है तो दूसरी तरफ भाजपा के एक ऐसे नेता हैं जो आतंकवाद का कड़ाई से मुकाबला करने की बात तो करते हैं लेकिन सत्ता में रहने के दौरान उन्होंने आतंकवादियों को छोड़ने के लिए अपने एक मंत्री को कंधार भेजा था।"
उन्होंने कहा, "मेरे ख्याल से आडवाणी के मुताबिक मजबूत नेता वह है जिसके गृह मंत्री और उपप्रधानमंत्री रहते देश की संसद पर हमला हुआ था।"
सोनिया ने कहा, "हमारे हिसाब से मजबूत नेता वह है जो ऊंची और हवाई बातें नहीं करता बल्कि काम करके दिखाता है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि मुंबई हमले के बाद हमने पाकिस्तान पर कूटनीतिक दबाव बनाया और उसी का परणिाम है कि वह आज सच बयान कर रहा है।"
अलग तेलंगाना राज्य के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि उन्हें अलग तेलंगाना राज्य बनने पर कोई एतराज नहीं है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी ने विधानसभा में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया था और कांग्रेस ने भी हमेशा ही कहा है कि वह इस मुद्दे को प्राथमिकता से लेगी।"
सोनिया ने इस मौके पर केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications