गिरफ्तार पुलिस अधिकारी ने मुख्यमंत्री पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
लोकायुक्त कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा, "पिछले सप्ताह एक व्यापारी के साथ धोखाधड़ी करने, उसके खिलाफ षड़यंत्र रचने और उसे धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक बी.एस.थिंद ने लोकायुक्त के यहां मुख्यमंत्री के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई है।"
पंजाब और हिमाचल प्रदेश में धोखाधड़ी और जालसाजी के कई मामलों का सामना कर रहे इस पुलिस अधिकारी ने धूमल पर आय से अधिक संपत्ति जमा करने का आरोप लगाया है। उसने कहा है कि कुछ संपत्ति मुख्यमंत्री के नाम भले नहीं है, लेकिन उसे उन्होंने ही खरीदा है।
इस आरोप पर अपनी प्रतिक्रिया में धूमल ने कहा कि निलंबित पुलिस अधिकारी द्वारा उनके खिलाफ लगाए गए ये आरोप बेबुनियाद हैं।
धूमल ने आईएएनएस से कहा, "लोकायुक्त इस मामले में कोई भी कदम उठाने के लिए आजाद हैं। यह एक बदले की कार्रवाई है लेकिन मैं सहयोग करूंगा।"
थिंद ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक अश्विन कुमार, पुलिस महानिदेशक (सतर्कता) डी.एस.मन्हास और पुलिस महानिरीक्षक एस.आर.मार्डी के खिलाफ भी भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस अधिकारी ने ये शिकायतें चार अप्रैल को ठीक उसी दिन दर्ज कराई थी, जिस दिन व्यापारी की शिकायत पर उसे गिरफ्तार किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications